भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में एक और मैच खेलते दिखेंगे

Dec 29, 2025 - 16:46
 0  4
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में एक और मैच खेलते दिखेंगे

भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में एक और मैच खेलते दिखेंगे। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने सोमवार (29 दिसंबर) को इसकी जानकारी दी। विराट कोहली छह जनवरी को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रेलवे के खिलाफ दिल्ली का विजय हजारे ट्रॉफी मैच खेलेंगे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने केंद्रीय अनुबंध वाले सभी खिलाड़ियों के लिए विजय हजारे ट्रॉफी के कम से कम दो मैचों में खेलना अनिवार्य किया था। हालांकि, कोहली इस महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर होने वाली सीरीज की तैयारी के लिए तीसरा मैच भी खेलना चाहते हैं।
विराट तीन मैचों के लिए उपलब्ध

डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने पीटीआई को बताया, ‘‘ अभी तक की जानकारी के अनुसार वह खेलेंगे। विराट ने तीन मैचों के लिए अपनी उपलब्धता दी है।’’ कोहली ने दिल्ली के लिए शुरुआती दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्रमशः 131 और 77 रनों की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 16,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी कायम किया।
आठ जनवरी तक वडोदरा पहुंचेगी भारतीय टीम

कोहली ने 330वीं पारी में इस मुकाम को हासिल कर दिग्गज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। तेंदुलकर ने 391 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम आठ जनवरी तक वडोदरा में पहुंचेगी, लेकिन कोहली अभ्यास के लिए एक दिन पहले यहां पहुंच सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी को इसी मैदान पर शुरू होगी।

पंड्या-बुमराह को वनडे में आराम

इस बीच खबर है कि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को स्पोर्ट्स साइंस टीम द्वारा बनाए गए वर्कलोड मैनेजमेंट रूटीन के तहत वनडे मैचों से आराम दिया जाएगा। ये दोनों 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए बहुत अहम होंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow